आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में स्टाफ डेवलपमेंट प्रोग्राम संपन्न, संचार कौशल और जनरेटिव एआई पर मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण
ग्रेटर नोएडा। आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज, ग्रेटर नोएडा के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (SOMS) द्वारा प्रभावी संचार कौशल (Effective Communication Skills) एवं जनरेटिव एआई (Generative AI) विषय पर एक सप्ताह का स्टाफ डेवलपमेंट प्रोग्राम (SDP) सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों के संचार कौशल, व्यावसायिक दक्षता और डिजिटल क्षमताओं को सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विशेषज्ञों ने संचार प्रक्रिया, मौखिक एवं अमौखिक संचार, सक्रिय श्रवण, स्पोकन इंग्लिश, अंतरव्यक्तिक एवं व्यावसायिक संचार, भावनात्मक बुद्धिमत्ता, टीम वर्क, संघर्ष समाधान, नेतृत्व संचार, सार्वजनिक वक्तृत्व, प्रभावी प्रस्तुतीकरण और कार्यालयी शिष्टाचार जैसे विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों को आधिकारिक पत्राचार, ई-मेल लेखन, रिपोर्ट तैयार करने, वर्चुअल मीटिंग और व्यावसायिक संचार के व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में जनरेटिव एआई पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को एआई आधारित कंटेंट निर्माण, ई-मेल एवं रिपोर्ट ड्राफ्टिंग, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, शोध कार्य, प्रस्तुतीकरण तैयार करने तथा कार्यस्थल पर एआई के जिम्मेदार एवं नैतिक उपयोग की जानकारी दी गई। हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस, केस स्टडी और समूह गतिविधियों के माध्यम से एआई टूल्स के व्यावहारिक उपयोग का भी प्रशिक्षण दिया गया।
सप्ताहभर चले इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों एवं व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से अपने कौशल को निखारा। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण की उपयोगिता, विषय-वस्तु की प्रासंगिकता तथा विशेषज्ञों के मार्गदर्शन की सराहना की।
यह स्टाफ डेवलपमेंट प्रोग्राम कॉलेज के निदेशक डॉ. मयंक गर्ग एवं विभागाध्यक्ष डॉ. सुनीता शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वयन डॉ. दीपक शर्मा और सुश्री शालू त्यागी ने किया।
कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों एवं कर्मचारियों को नई तकनीकों और आधुनिक कार्यशैली से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
