माताओं का सम्मान, प्रकृति का संरक्षण: शारदा यूनिवर्सिटी में 500 पौधों का वृक्षारोपण
ग्रेटर नोएडा, 23 जुलाई। शारदा यूनिवर्सिटी के छात्र कल्याण विभाग और एस्टेट विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नॉलेज पार्क स्थित परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने परिसर में नीम, पीपल, जामुन, अमरूद, आम सहित विभिन्न प्रजातियों के 500 पौधे लगाए।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ माताओं के सम्मान का संदेश देना था। लगाए गए पौधों का चयन उनके पर्यावरणीय और स्वास्थ्य संबंधी महत्व को ध्यान में रखकर किया गया। नीम, पीपल, जामुन, अमरूद और आम जैसे वृक्ष पर्यावरण संतुलन, जैव विविधता और मानव स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माने जाते हैं।
इस अवसर पर प्रो-चांसलर वाई.के. गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए युवाओं की भागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों और विश्वविद्यालयों को छात्रों में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता विकसित करने के साथ-साथ पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी का भी भाव पैदा करना चाहिए।
वाइस चांसलर डॉ. सिबाराम खारा ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि पौधों को रिश्तों से जोड़कर देखा जाए तो उनके संरक्षण के प्रति लोगों की जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता दोनों बढ़ेंगी।
कार्यक्रम में डॉ. आर.सी. सिंह, डॉ. राजीव गुप्ता, डॉ. प्रमोद कुमार, एस्टेट हेड सुश्री सत्यम, डॉ. यशोधरा, डॉ. अन्विति गुप्ता सहित विभिन्न संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य और कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
