ज़ी न्यूज़ के राष्ट्रीय मंच पर चमका एनआईईटी, निदेशक डॉ. विनोद कापसे ने रखे उद्योगोन्मुख शिक्षा के प्रभावी सुझाव
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एनआईईटी), ग्रेटर नोएडा ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट पहचान को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया। संस्थान ने ज़ी न्यूज़ के प्रतिष्ठित “आइडियाज़ ऑन एजुकेशन 2026” सम्मेलन में सहभागिता करते हुए उच्च शिक्षा और उद्योग के बदलते स्वरूप पर अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई।
सम्मेलन में एनआईईटी का प्रतिनिधित्व संस्थान के निदेशक डॉ. विनोद एम. कापसे ने किया। उन्होंने “स्किल्स, एम्प्लॉयबिलिटी एंड इंडस्ट्री रेडीनेस” विषय पर आयोजित विशेष पैनल चर्चा में देश के प्रमुख शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं और उद्योग विशेषज्ञों के साथ अपने विचार साझा किए।
डॉ. कापसे ने कहा कि आज के दौर में केवल पारंपरिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए अनुभवात्मक शिक्षण, उद्योग–संस्थान सहयोग, नवाचार और उभरती प्रौद्योगिकियों को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, समस्या समाधान, अनुकूलनशीलता और आजीवन सीखने की प्रवृत्ति विकसित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि भविष्य उन्हीं शिक्षण संस्थानों का है जो शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी को कम कर सकें। एनआईईटी में विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव, उद्योगोन्मुख कौशल और पेशेवर चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि वे अपने करियर के पहले दिन से ही उद्योग की अपेक्षाओं पर खरे उतर सकें।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय विचारों एवं योगदान के लिए डॉ. विनोद एम. कापसे को सम्मानित भी किया गया।
एनआईईटी की यह सहभागिता उच्च शिक्षा में उत्कृष्टता, उद्योग सहयोग, अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता और बेहतर प्लेसमेंट के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। संस्थान परिणाम-आधारित शिक्षा के माध्यम से वैश्विक स्तर के दक्ष पेशेवर तैयार करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
