अल्फा -1 ग्रेटर नोएडा में संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत कथा के दूसरे दिन शिवकुमार रामानुजाचार्य के प्रवचनों से शक्ति तत्व का दिव्य वर्णन, भक्ति में डूबा कथा स्थल

ग्रेटर नोएडा। अल्फा-1 सेक्टर स्थित शिव मंदिर के सामने चल रही संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत कथा के दूसरे दिन कथा स्थल पूरी तरह भक्तिरस में डूबा नजर आया। वृन्दावन से पधारे परम श्रद्धेय शिवकुमार रामानुजाचार्य के ओजस्वी और भावपूर्ण कथा वाचन से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया।

दूसरे दिन की कथा में व्यास जी ने त्रिदेवों को प्राप्त शक्ति के रहस्य, परमात्मा के स्थूल एवं सूक्ष्म स्वरूप का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि सृष्टि की उत्पत्ति, संचालन और संहार में शक्ति की भूमिका सर्वोपरि है और बिना शक्ति के त्रिदेव भी निष्क्रिय हैं। इस गूढ़ तत्वज्ञान को सरल उदाहरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।

कथा के दौरान यज्ञ की महिमा का विशेष रूप से वर्णन किया गया। व्यास जी ने कहा कि यज्ञ केवल कर्मकांड नहीं, बल्कि लोककल्याण और आत्मशुद्धि का माध्यम है। नर-नारायण एवं नैमिषारण्य प्रसंग के माध्यम से यज्ञ, तप और साधना के महत्व को भावपूर्ण ढंग से समझाया गया, जिससे श्रद्धालुओं के मन में भक्ति और वैराग्य का भाव जागृत हुआ।

कथा स्थल पर “जय माता दी” के जयकारों के बीच भक्त ध्यानमग्न होकर कथा श्रवण करते दिखाई दिए। कई श्रद्धालु भाव विभोर होकर माता भगवती की स्तुति में लीन हो गए। पूरे पंडाल में भक्ति का ऐसा माहौल बना कि मानो देवी कृपा साक्षात् उपस्थित हो।

यह आयोजन RWA एवं समस्त भक्तों के संरक्षण में 25 दिसम्बर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से 10 बजे तक हवन-पूजन भी संपन्न हो रहा है। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा में सहभागिता कर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।

संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत कथा के माध्यम से अल्फा-1 सहित आसपास के क्षेत्रों में निरंतर आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।