भोलेनाथ के भक्तों पर सीएम योगी ने की पुष्पवर्षा, हेलिकॉप्टर से किया कांवड़ मार्ग का अवलोकन
मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रियों का किया अभिनंदन, बोले- भक्ति, समर्पण, सामाजिक व राष्ट्रीय एकता और समरसता का जीवंत उदाहरण है कांवड़ यात्रा
मेरठ, 8 अगस्त। श्रावण मास की दशमी तिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में शिवभक्त कांवड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के साथ रामायण धारावाहिक में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले मेरठ के सांसद अरुण गोविल समेत जनप्रतिनिधियों ने भी कांवड़ यात्रियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनकी आस्था का सम्मान किया। इस दौरान पूरे कांवड़ मार्ग पर हेलिकॉप्टर से भी पुष्पवर्षा की गई।
कांवड़ यात्रियों के ‘हर-हर बम-बम’ के उद्घोष से पश्चिमी उत्तर प्रदेश का वातावरण शिवमय हो उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक व राष्ट्रीय एकता और समरसता का अनुपम उदाहरण बताते हुए प्रदेश सरकार की ओर से सभी शिवभक्त कांवड़ यात्रियों का स्वागत और अभिनंदन किया।
हेलिकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का अवलोकन
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर बढ़ रहे शिवभक्तों की श्रद्धा को नमन किया। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं की समुचित व्यवस्था लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए।
‘हर-हर बम-बम’ से गूंजा पश्चिमी उत्तर प्रदेश
हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवड़ यात्रियों के ‘हर-हर बम-बम’ के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। मुख्यमंत्री द्वारा पुष्पवर्षा किए जाने पर कांवड़ यात्रियों में भी उत्साह देखने को मिला।
कांवड़ यात्रा में शामिल झांकियों में भगवान शिव के गणों के विभिन्न स्वरूप देखने को मिले। श्रद्धालु भगवान शिव, गणेश और कार्तिकेय के स्वरूपों के साथ भक्ति में डूबे नजर आए। झांकियों में भूत-प्रेत के स्वरूप भी आकर्षण का केंद्र रहे। ‘बम भोले’ और ‘बम-बम’ के जयघोष और भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे। बड़ी संख्या में लोग इस धार्मिक आयोजन के दृश्य अपने मोबाइल फोन में कैद करते दिखाई दिए।
चार से साढ़े चार करोड़ शिवभक्तों के शामिल होने का अनुमान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा अब चरम की ओर बढ़ रही है। हरिद्वार की हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर लाखों शिवभक्त अपने-अपने क्षेत्रों के पवित्र शिवालयों की ओर बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच सावन की शिवरात्रि तक करीब चार से साढ़े चार करोड़ शिवभक्त कांवड़ यात्रा में शामिल होकर पवित्र शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरनगर के शिवचौक पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद हैं। मेरठ में जनप्रतिनिधियों के साथ कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा करने का अवसर मिला। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद के बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर और बागपत के पुरा महादेव मंदिर के अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ यात्रा में शामिल हो रहे हैं।
‘जात-पात और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर शिव के नाम में लीन हैं भक्त’
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सुरक्षा के लिए पूरी तरह तत्पर है। देवाधिदेव महादेव के प्रति श्रद्धा रखते हुए सैकड़ों किलोमीटर पैदल यात्रा करने वाले शिवभक्त भक्ति, समर्पण, सामाजिक व राष्ट्रीय एकता और समरसता का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जात-पात, क्षेत्र और प्रांत की सीमाओं से ऊपर उठकर कांवड़ यात्रियों की हर सांस शिव के नाम में समर्पित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर उत्साह और उमंग का वातावरण है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन से लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेट, संयुक्त मजिस्ट्रेट, पुलिसकर्मी, जोन, रेंज, जनपद और थाना स्तर के अधिकारी कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं में जुटे हैं।
उन्होंने समाजसेवी और धर्मार्थ संगठनों की भी सराहना की, जो जगह-जगह शिविर लगाकर कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, पानी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
शिवरात्रि तक होगी पुष्पवर्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा भक्ति की पराकाष्ठा का प्रतीक है। शिवभक्त कांवड़ यात्रियों पर आज, कल और शिवरात्रि तक हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। उन्होंने देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना की कि श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में शामिल सभी शिवभक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण हों और प्रदेश व देश में सुख-शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे।
इस अवसर पर मेरठ के सांसद अरुण गोविल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश सरकार के मंत्री सोमेंद्र तोमर और दिनेश खटीक, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधान परिषद सदस्य अश्विनी त्यागी, पूर्व विधायक संगीत सोम तथा भाजपा नेता सुनील भराला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
