ईएमसीटी ने वंचित बच्चों के लिए चलाया निःशुल्क हेयर कटिंग व स्वच्छता अभियान
ग्रेटर नोएडा वेस्ट, 11 जुलाई। एथोमार्ट चैरिटेबल ट्रस्ट (ईएमसीटी) ने एनी ब्यूटी सैलून के सहयोग से शनिवार को प्राथमिक विद्यालय, बिसरख में वंचित बच्चों के लिए निःशुल्क हेयर कटिंग एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान आयोजित किया। अभियान के दौरान बच्चों के बाल निःशुल्क काटे गए और उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
ईएमसीटी की संस्थापक रश्मि पांडेय ने बताया कि बरसात के मौसम में संक्रमण और विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने, नाखून साफ रखने, समय-समय पर बाल कटवाने, स्वच्छ कपड़े पहनने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के बारे में जानकारी दी गई, ताकि वे स्वस्थ और सुरक्षित रह सकें।
कार्यक्रम का संचालन ईएमसीटी की सदस्य एवं एनी ब्यूटी सैलून की संस्थापक अनामिका ने किया। इस दौरान सैलून की नेहा और सुचित्रा ने बच्चों को बच्चों को निःशुल्क हेयर कटिंग सेवा प्रदान की। बाल कटवाने के बाद बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया।
अनामिका ने कहा कि स्वच्छता अच्छी सेहत की पहली शर्त है। साफ-सफाई और अच्छी आदतों से बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।
कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय, बिसरख के प्रधानाचार्य इकरार खान, अध्यापिका शालिनी और सरोज मौर्य भी मौजूद रहे। उन्होंने ईएमसीटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान बच्चों में स्वच्छता की आदत विकसित करने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
