दादरी परिवर्तन यात्रा के छठे दिन शाहपुर से नूरपुर तक पहुंचे अक्षय चौधरी, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
ग्रेटर नोएडा, 11 जुलाई। समाजवादी पार्टी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अक्षय चौधरी के नेतृत्व में निकाली जा रही ‘दादरी परिवर्तन यात्रा’ शनिवार को छठे दिन दादरी विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में पहुंची। यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
शनिवार को परिवर्तन यात्रा शाहपुर, मिल्क, खटाना धीरखेड़ा, धनुवाश, उपरालसी, छोटी गुलावठी, मुठियानी, वीरपुरा और नूरपुर गांवों से होकर गुजरी। विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल हुए।
जनसंपर्क के दौरान अक्षय चौधरी ने ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि दादरी विधानसभा का समग्र विकास गांवों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के बिना संभव नहीं है। बेहतर सड़क, पेयजल, जल निकासी, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, किसानों के हित और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि दादरी परिवर्तन यात्रा का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं को जानना और उनकी आवाज को मजबूती देना है। क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष जारी रहेगा।
यात्रा के दौरान समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान, महिलाएं, युवा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
