गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में पं. दीन दयाल उपाध्याय की 104 वीं जयंती समारोह का आयोजन
ग्रेटर नोएडा : गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के तत्वाधान में भारतीय संस्कृति के उन्नायक, श्रेष्ठ समाज सेवक, राजनीति के अग्रिम प्रहरी, बहुमुखी व्यक्तित्व के धनी पं. दीन दयाल उपाध्याय जी की १०४ वीं जयंती समारोह का आयोजन किया गया। पं. दीन दयाल जी के भारतीय संस्कृति और मूल्यों की रक्षा व संरक्षण के लिए जीवन पर्यन्त संघर्ष को याद किया गया एवं उनके एकात्म मानव दर्शन व अंत्योदय के विचारों के साथ देश की प्रगति में प्रस्फुटित धारा को अनवरत बनाये रखने में सहयोग देने हेतु संकल्प लिया गया। समारोह का आयोजन दीन दयाल समिति के विश्वविद्यालय समन्वयक डॉ. अक्षय सिंह ने स्कूल ऑफ़ लॉ में किया जिसमें विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं शैक्षणेतर सदस्यों की सोशल डिस्टैन्सिंग के नियमों के साथ भागीदारी रही। दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के पश्चात डीन अकादमिक, प्रो. एन. पी. मेलकनिआँ ने पंडित जी के कृतित्व को स्मरण करने एवं आत्मसात करने के संकल्प में अपने-अपने दायित्वों के निर्वाहन को पूरी तन्मयता के साथ करने के भाव को जाग्रत किया, शिक्षक के रूप में अच्छे पुस्तक की प्रस्तुति भी उनके विचारों को अग्रसारित करने का सशक्त माध्यम है। डॉ. अक्षय सिंह ने विषय की प्रस्तुति करते हुए पंडित जी के विचारों का तात्कालिक राजनैतिक एवं सामाजिक परिवेश में उपयोगिता को उद्घाटित किया। कार्यक्रम में डॉ. मनमोहन, डॉ. ममता शर्मा, डॉ. शुभोजित बनर्जी, डॉ. दिनेश शर्मा, डॉ. प्रकाश एवं डॉ. के. के. द्धिवेदी ने भाग लिया।