कचरे से ऊर्जा और रोजगार की राह खोलेगा यूपी, IBET Expo-2026 (बायो एनर्जी एक्सपो) का भव्य शुभारंभ

ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा बोले—निवेशक यूपी आएं, कहीं भी प्लांट लगाएं; बायोएनर्जी से किसानों की आय और ग्रामीण रोजगार बढ़ाने पर जोर

ग्रेटर नोएडा, 11 अगस्त। स्वच्छ ऊर्जा, बायोएनर्जी, निवेश और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने वाले इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो (IBET Expo)-2026 का मंगलवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में भव्य शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने देश-विदेश से आए विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों और निवेशकों का स्वागत करते हुए उत्तर प्रदेश को बायोएनर्जी के क्षेत्र में अपार संभावनाओं वाला राज्य बताया।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में देश में अग्रणी स्थान पर है। उन्होंने दावा किया कि पीएम सूर्य घर योजना, सीबीजी उत्पादन और रिकॉर्ड विद्युत आपूर्ति के क्षेत्र में प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने निवेशकों का आह्वान करते हुए कहा, “आप आइए और उत्तर प्रदेश में कहीं भी अपने प्लांट लगाइए।”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। सुरक्षित, शांतिपूर्ण और निवेश के अनुकूल वातावरण के कारण उत्तर प्रदेश देश और दुनिया के निवेशकों के लिए भरोसेमंद गंतव्य बनकर उभरा है।

कचरे को समस्या नहीं, अवसर के रूप में देखें

ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था, गन्ना उत्पादन, कृषि अवशेष, जैविक अपशिष्ट और नगरीय ठोस कचरा बायोएनर्जी उत्पादन के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराते हैं। इन संसाधनों के वैज्ञानिक और तकनीकी इस्तेमाल से स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के साथ किसानों, युवाओं और उद्योगों के लिए रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि अब कचरे को समस्या के रूप में देखने के बजाय उसे ऊर्जा, रोजगार और आर्थिक विकास के अवसर में बदलने की जरूरत है। सीबीजी, बायोगैस, बायोमास और वेस्ट-टू-एनर्जी जैसी तकनीकें स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने के साथ कचरा प्रबंधन और सर्कुलर इकोनॉमी को भी मजबूत कर सकती हैं।

यूपी में 30 फीसदी से ज्यादा CBG प्लांट

मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत के बायोएनर्जी ट्रांजिशन में प्रमुख शक्ति के रूप में उभर रहा है। राज्य के विशाल कृषि संसाधन, बढ़ता सीबीजी इकोसिस्टम और मजबूत नीतिगत समर्थन इसके प्रमुख आधार हैं। उन्होंने कहा कि बायोएनर्जी कृषि और शहरी कचरे को ऊर्जा में बदलने, ग्रामीण रोजगार पैदा करने और किसानों की आय बढ़ाने का बड़ा अवसर है।

अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत तथा यूपीनेडा के चेयरमैन डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की बायोएनर्जी राजधानी के रूप में उभर रहा है। देश के 30 प्रतिशत से अधिक सीबीजी प्लांट प्रदेश में हैं और यूपी देश का दूसरा सबसे बड़ा इथेनॉल उत्पादक राज्य है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 84 सीबीजी और आठ बायो-कोल प्लांट पाइपलाइन में हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार क्षमता आधारित प्रोत्साहन के जरिए बायोएनर्जी क्षेत्र में निवेश का मजबूत इकोसिस्टम तैयार कर रही है। इसका उद्देश्य एफपीओ, सहकारी समितियों और किसानों की आय को मजबूत करना भी है।

150 से अधिक कंपनियों ने लगाए स्टॉल

इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी के महानिदेशक संजय गंजू ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बायोएनर्जी निवेश के लिए जरूरी कृषि आधार, संसाधन और नीतिगत संभावनाएं मौजूद हैं। बायोएनर्जी के विकास के अगले चरण में निवेश, तकनीक, उद्योग और कुशल कार्यबल को एक साथ लाकर व्यावसायिक रूप से मजबूत और टिकाऊ इकोसिस्टम तैयार करना होगा।

कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने फीता काटकर 150 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के प्रदर्शनी स्टॉलों का शुभारंभ किया और उनका अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न कंपनियों द्वारा प्रदर्शित बायोएनर्जी, स्वच्छ ऊर्जा, नई तकनीक और नवाचार से जुड़े उत्पादों एवं समाधानों की जानकारी ली।

इस अवसर पर मंत्री ने ‘भारत बायो एनर्जी कंपास’ वेबसाइट का भी शुभारंभ किया। यह प्लेटफॉर्म बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े निवेशकों, उद्योगों, विशेषज्ञों और अन्य हितधारकों को जानकारी और संभावित अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

IBET Expo-2026 उत्तर प्रदेश की कृषि शक्ति, जैविक संसाधनों और ऊर्जा क्षमता को आधुनिक तकनीक, निवेश और नवाचार से जोड़ने का मंच बन रहा है। इससे स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार के साथ किसानों की अतिरिक्त आय, ग्रामीण रोजगार, उद्यमिता और आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

यह भी देखे:-

रिंकू सिंह के पिता का निधन: सिलेंडर ढोकर बेटे को बनाया स्टार, संघर्ष की कहानी ने देश को किया भावुक
India Expo Plaza बना निवेशकों और ग्राहकों की पहली पसंद: SVG ने किया भव्य फूड कोर्ट का उद्घाटन, जल्द ...
किसानों-मजदूरों की मांगों को लेकर डीएम कार्यालय पर गरजे प्रदर्शनकारी किसान, जेल भरो आंदोलन में दी ग...
उत्तर प्रदेश ने यामानाशी प्रांत के उप-गवर्नर का किया स्वागत, ग्रीन हाइड्रोजन और इंफ्रास्ट्रक्चर में ...
गणतंत्र दिवस पर किन्नरों ने फहराया तिरंगा, बाल आश्रम में देशभक्ति का अनूठा जश्न
प्रियंका गांधी के गिरफ्तारी के विरोध में जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने किया पैदल मार्च, धरना दिया
यमुना प्राधिकरण के तीन सर्किल सेक्टर 22 डी में होंगे शिफ्ट
इण्डिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में तीन दिवसीय SATTE 2024 की हुई शुरूआत
दनकौर में  कुड़ा-घर को हटाए जाने को लेकर‌ किसान एकता संघ ने सौंपा ज्ञापन 
Loksabha Election 2024: गौतमबुद्ध नगर में 2 लोगों ने लिया नामांकन प्रपत्र, 6 प्रत्याशियों ने किया ना...
"एक जनपद- एक उत्पाद" प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना में होगा इन पदों के लिए साक्षात्कार , एक क्लिक पर जा...
अनुराग कश्यप की टिप्पणी पर ब्राह्मण समाज में उबाल, दादरी में निकाला गया विरोध जुलूस
सेना को बड़ी सफलता: उड़ी में पाकिस्तानी आतंकी ढेर और एक पकड़ा भी गया, घुसपैठ की फिराक में हैं दहशतगर...
देश की विभिन्न राज्य सरकारें ले योगी सरकार की कार्यप्रणाली से ले सीख : महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानं...
फलैदा गौशाला का होगा कायाकल्प, 600 निराश्रित गोवंश के रहने की व्यवस्था
सीएम योगी करेंगे सेमीकंडक्टर पार्क का शिलान्यास, पीएम मोदी वर्चुअल जुड़ेंगे, अश्विनी वैष्णव रहेंगे म...