सऊदी अरब में नौकरी का सुनहरा मौका, सेवायोजन विभाग ने मांगे आवेदन
गौतमबुद्धनगर। विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं और निर्माण श्रमिकों के लिए अच्छी खबर है। सेवायोजन विभाग द्वारा सऊदी अरब में विभिन्न पदों पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके तहत फैब्रिकेशन सुपरवाइजर, मैकेनिकल हेल्पर, पाइप फैब्रिकेटर, नर्स और सहायक नर्स समेत कई पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी Manisha Atri ने बताया कि सऊदी अरब में श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सेवायोजन विभाग के माध्यम से संचालित की जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए 25 से 45 वर्ष की आयु सीमा निर्धारित की गई है तथा कम से कम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट अनिवार्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को ROJGAR SANGAM पोर्टल पर जॉबसीकर के रूप में पंजीकरण कराना आवश्यक होगा। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और अन्य अर्हताएं पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने जनपद के निर्माण श्रमिकों और संबंधित ट्रेड के युवाओं से अपील की है कि वे शीघ्र पंजीकरण कर इस रोजगार अवसर का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए सेवायोजन कार्यालय, राजकीय आईटीआई (आरआई सेंटर) ग्राम झुंडपुरा सेक्टर-11 नोएडा या कॉल सेंटर नंबर 155330 पर संपर्क किया जा सकता है।
