नौकरी की तलाश में आई युवती का पीजी में मिला शव
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने का दावा; आरोपी की तलाश में जुटी टीमें
नोएडा, 11 अगस्त। थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला स्थित एक पीजी के कमरे में करीब 19 वर्षीय युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना 10 अगस्त को पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवती अपनी एक दोस्त के साथ निजी नौकरी की तलाश में आई हुई थी। जिस कमरे में उसका शव मिला, वह उसकी दोस्त के कमरे के बगल में स्थित बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है।
पुलिस ने घटना के संबंध में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
