यमुना प्राधिकरण के खिलाफ जल्द होगा बड़ा किसान आंदोलन, भाकियू (कृषक) ने किया ऐलान
ग्रेटर नोएडा। भारतीय किसान यूनियन (कृषक) की मासिक बैठक रविवार को ग्रेटर नोएडा स्थित कैंप कार्यालय में राष्ट्रीय संरक्षक प्रताप नागर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में किसानों की लंबित मांगों को लेकर यमुना प्राधिकरण के खिलाफ जल्द बड़े आंदोलन की घोषणा करने का निर्णय लिया गया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने कहा कि यमुना प्राधिकरण लगातार किसानों के साथ अन्याय कर रहा है। किसानों को 10 प्रतिशत विकसित भूखंड, अतिरिक्त मुआवजा, आबादी निस्तारण, क्षेत्रीय युवाओं को रोजगार सहित कई महत्वपूर्ण मांगों पर लंबे समय से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन उनका समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब किसान केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे और जल्द ही आंदोलन की रूपरेखा घोषित की जाएगी।
बैठक में संगठन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष जीतू गुर्जर ने बताया कि दर्जनों लोगों ने भारतीय किसान यूनियन (कृषक) की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान मनीष शर्मा को एनसीआर सचिव, सुनील शर्मा को जिला उपाध्यक्ष (विधि प्रकोष्ठ), पवन बैसला को सोशल मीडिया प्रभारी, रवींद्र भाटी को जिला प्रवक्ता, अमित शर्मा को मंडल उपाध्यक्ष (युवा मोर्चा), ऋषभ शर्मा को ग्राम अध्यक्ष तथा राहुल शर्मा को जिला उपाध्यक्ष (युवा मोर्चा) मनोनीत किया गया।
बैठक में हरवीर सिंह, प्रताप नागर, ऋषिपाल कसाना, सतपाल नागर, हरेंद्र नागर, राकेश अवाना, जितेंद्र नागर, सरजीत नागर, एडवोकेट कपिल कसाना, नरेंद्र जाट, अजीत भाटी, सौरव वर्मा, संजय नागर, प्रमोद तोगड़, दीपक, धर्मेंद्र भाटी, कुमार, पुष्पेंद्र शर्मा, दिनेश बंसल, भगवान सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
