एनटीपीसी दादरी में देशभक्ति के माहौल में मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
ग्रेटर नोएडा। एनटीपीसी दादरी में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद एनटीपीसी दादरी के कार्यकारी निदेशक ए.के. मिश्र ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। समारोह में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में ए.के. मिश्र ने एनटीपीसी की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कंपनी 91 गीगावाट की विद्युत उत्पादन क्षमता के स्तर तक पहुंच चुकी है। उन्होंने एनटीपीसी दादरी की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन और योगदान के लिए कर्मचारियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इनमें बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द ईयर, एक्सीलेंस अवार्ड्स, डिपार्टमेंटल एम्प्लॉयी ऑफ द ईयर और हेल्थ चैंपियन पुरस्कार शामिल रहे।
