शारदा विश्वविद्यालय में “एक दीप शहीदों के नाम” कार्यक्रम, छात्रों ने दी श्रद्धांजलि
ग्रेटर नोएडा, 14 अगस्त। नॉलेज पार्क स्थित शारदा विश्वविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देश के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों की स्मृति में ‘एक दीप शहीदों के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रों और फैकल्टी सदस्यों ने दीपक और मोमबत्तियां जलाकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। वहीं विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने तिरंगा यात्रा भी निकाली।
विश्वविद्यालय के मेजर जनरल संजय सोई ने कहा कि देश इस वर्ष 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। आजादी हासिल करने के लिए अनगिनत भारतीयों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि उनके बलिदान को कभी भुलाया न जाए और उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहे। इसी उद्देश्य से शहीदों की स्मृति में दीप और मोमबत्तियां जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई, जिसमें छात्रों और फैकल्टी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश, समाज, संस्कृति और उपलब्धियों के गौरवशाली इतिहास को याद करने का अवसर है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश और प्रदेश के विकास में प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। युवाओं को अमर शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित करना सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस सेल की कॉर्डिनेटर डॉ. शांति नारायण और डीन स्टूडेंट वेलफेयर की टीम की ओर से किया गया। कार्यक्रम में वाइस चांसलर सिबाराम खारा, रजिस्ट्रार विवेक गुप्ता, डॉ. रचना, डॉ. सुमन लता, यशोधरा राज, डॉ. आरसी सिंह, डॉ. विनय वर्मा सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख, स्टाफ, फैकल्टी सदस्य और छात्र मौजूद रहे।
