शानदार सफलता: सेंट जोसेफ स्कूल, ग्रेटर नोएडा का बोर्ड रिजल्ट में जलवा, 100% रिजल्ट के साथ टॉपर्स ने रचा इतिहास
ग्रेटर नोएडा, 30 अप्रैल 2026: सी.आई.एस.सी.ई. (शिक्षा परिषद) द्वारा घोषित ICSE (कक्षा 10) एवं ISC (कक्षा 12) के परीक्षाफल में सेंट जोसेफ्स स्कूल, सेक्टर अल्फा-1, ग्रेटर नोएडा ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी शैक्षणिक श्रेष्ठता को साबित किया है। स्कूल का परिणाम न केवल शत-प्रतिशत सफलता के करीब रहा, बल्कि उच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या ने भी नया मानक स्थापित किया है।
स्कूल से कक्षा 10 में कुल 193 तथा कक्षा 12 में 145 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। कक्षा 12 में विज्ञान संकाय से 83, वाणिज्य संकाय से 41 तथा कला संकाय से 34 विद्यार्थी सम्मिलित हुए।
कक्षा 12 (ISC) के परिणामों में स्कूल ने 100 प्रतिशत सफलता हासिल की। सभी 145 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए और स्कूल का औसत परिणाम 75.56 प्रतिशत रहा। इस वर्ष का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन लक्ष्मी यादव ने किया, जिन्होंने 98.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय में बल्कि कला वर्ग में भी शीर्ष स्थान प्राप्त किया। विज्ञान वर्ग में वैष्णवी सिंह ने 97.75 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वाणिज्य वर्ग में परी रानी ने 95.00 प्रतिशत अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि कुल 29 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि किसी भी छात्र का परिणाम 50 प्रतिशत से कम नहीं रहा, जो विद्यालय की सुदृढ़ शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है।
वहीं कक्षा 10 (ICSE) के परिणाम भी अत्यंत प्रभावशाली रहे। कुल 193 विद्यार्थियों में से 192 विद्यार्थी सफल रहे और विद्यालय का कुल परिणाम 99.50 प्रतिशत दर्ज किया गया। विद्यालय का औसत परिणाम 71.10 प्रतिशत रहा।

कक्षा 10 के टॉपर्स में लक्ष्य भाटी एवं उन्नति यादव ने संयुक्त रूप से 96.60 प्रतिशत अंक (बेस्ट ऑफ 5) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं सभी विषयों के कुल अंकों के आधार पर आर्यन चौहान एवं उन्नति यादव ने 96.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इस प्रकार उन्नति यादव ने दोनों श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विशेष उपलब्धि हासिल की।
प्रदर्शन के विश्लेषण में सामने आया कि 22 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 44 विद्यार्थियों ने 80 से 89.99 प्रतिशत के बीच अंक हासिल किए। केवल एक विद्यार्थी का परिणाम 50 प्रतिशत से कम रहा, जो विद्यालय के समग्र प्रदर्शन की मजबूती को दर्शाता है।
परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाट्टी ने सभी सफल विद्यार्थियों को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया तथा मिष्ठान वितरित कर उनकी सफलता का उत्सव मनाया। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए शिक्षकों एवं अभिभावकों के सहयोग को भी इस सफलता का प्रमुख आधार बताया।
प्रधानाचार्य ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय की मजबूत शैक्षणिक परंपरा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण प्रणाली और विद्यार्थियों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
सेंट जोसेफ्स स्कूल, ग्रेटर नोएडा ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि निरंतर मेहनत, समर्पण और सही मार्गदर्शन के बल पर हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित किए जा सकते हैं। विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के अपने उद्देश्य को निरंतर आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र में उत्कृष्टता का प्रतीक बना हुआ है।
