महिला आरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दे पर भाजपा फैला रही भ्रम, कांग्रेस गांव-गांव जाकर सच्चाई रखेगी: दीपक भाटी चोटीवाला
बिलासपुर: नगर कांग्रेस कमेटी बिलासपुर द्वारा नगर कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें महिला आरक्षण के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा फैलाए जा रहे कथित भ्रम और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ हो रहे दुष्प्रचार का जवाब देने के लिए मैदानी रणनीति तैयार की गई। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर किसानों की समस्याएं, भूमि अधिग्रहण से जुड़े मुद्दे और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी गंभीर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग हो रहा है और आम जनता की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। विशेष रूप से किसानों की स्थिति, भूमि अधिग्रहण से प्रभावित परिवारों की समस्याएं और उनकी अनदेखी को लेकर चिंता व्यक्त की गई।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भाजपा द्वारा राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिलाओं के अधिकारों और उनकी राजनीतिक भागीदारी की पक्षधर रही है, जबकि वर्तमान सरकार इस मुद्दे को लेकर जनता को गुमराह कर रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और शहरों में जाकर सच्चाई को लोगों तक पहुंचाएं और भाजपा के इस दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब दें।
उन्होंने किसानों के मुद्दे पर कहा कि भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसान आज भी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी सुनवाई नहीं कर रही है। किसानों के साथ हो रहे अन्याय और उत्पीड़न को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कांग्रेस कार्यकर्ता उनके हक की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ेंगे।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष यूनुस कुरैशी ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और भाजपा के दुष्प्रचार का जवाब सच्चाई और एकजुटता से दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन सत्ता के दबाव में काम कर रहा है, जिससे किसानों और कमजोर वर्गों की समस्याएं नजरअंदाज हो रही हैं।
बैठक में उपस्थित पूर्व जिला अध्यक्ष हाजी तफसीर आलम ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा भाईचारे, न्याय और समानता पर आधारित रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को बांटने की राजनीति की जा रही है, जो देश की एकता और अखंडता के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण और किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस ईमानदारी से काम कर रही है।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने, भाजपा के दुष्प्रचार का जवाब देने तथा किसानों और आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष को तेज करने का संकल्प लिया।
इस दौरान हाजी तफसीर आलम, यूनुस कुरैशी, सुरेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. रतनपाल सिंह, मुकेश शर्मा, महाराज सिंह नागर, निशा शर्मा, नीरज लोहिया, राजेश गोस्वामी, कासिम, सलीम, श्रीति कुमारी, धर्म सिंह जीनवाल, सतीश शर्मा, शमशुल, राजकुमार, अमित कुमार, रमेश वाल्मीकि, हाजी मोहम्मद, शिब्बू लाल, रोबिन, सलमान, आस मोहम्मद, सचिन भाटी, बिन्नू भाटी, नफीस, यामीन, पियूष जाटव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
