IBA–यथार्थ हॉस्पिटल हेल्थकेयर कनेक्ट 2026: स्वास्थ्य सहयोग समझौते से उद्यमियों व कर्मचारियों को मिलेगा विशेष लाभ
ग्रेटर नोएडा, 31 मई 2026। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) एवं यथार्थ हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में “IBA–Yatharth Healthcare Connect 2026” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर दोनों संस्थाओं के बीच स्वास्थ्य सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण सहमति बनी, जिसके तहत उद्यमियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं और रियायतें प्रदान की जाएंगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। यथार्थ हॉस्पिटल प्रबंधन ने मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, IBA पदाधिकारियों एवं उद्यमियों का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान IBA से जुड़े उद्यमियों, उनके परिवारों तथा औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए विशेष हेल्थ बेनिफिट एवं डिस्काउंट कार्ड का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम में अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों, आपातकालीन सेवाओं और स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी साझा की गई। साथ ही विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों एवं बचाव के उपायों पर भी जागरूकता प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि राधारमण सिंह ने कहा कि स्वस्थ समाज और सशक्त उद्योग एक-दूसरे के पूरक हैं तथा कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने इस पहल को हजारों परिवारों के लिए लाभकारी बताया।
यथार्थ हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राघव केसरी ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल उपचार नहीं, बल्कि समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। IBA के साथ यह साझेदारी गुणवत्तापूर्ण और सुलभ चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
IBA के अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि यह साझेदारी उद्यमियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करेगी तथा आने वाले समय में हजारों परिवारों को इसका लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में दोनों संस्थाओं ने औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया। इन शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र जांच, दंत परीक्षण, चिकित्सीय परामर्श तथा आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
इस अवसर पर सहायक कारखाना निदेशक अंशुल त्रिपाठी, पूर्व सहायक आयुक्त उद्योग जी.पी. गोस्वामी, सीटीओ तरुण राय, उद्योगपति सी.पी. राय, फायर स्टेशन ऑफिसर विनोद कुमार पाण्डेय तथा समाजसेवी राहुल नंबरदार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में युवा उद्यमी विकास राय की भूमिका विशेष रूप से सराही गई। IBA और यथार्थ हॉस्पिटल को एक मंच पर लाने तथा इस स्वास्थ्य सहयोग पहल को मूर्त रूप देने में उनके योगदान की सभी ने प्रशंसा की।
समापन अवसर पर योगेश कुमार नौहवार ने कार्यक्रम में पहुंचकर इस पहल को उद्योग जगत, श्रमिक वर्ग और समाज के बीच सकारात्मक समन्वय स्थापित करने वाला अनुकरणीय प्रयास बताया तथा इसके सफल और दीर्घकालिक परिणामों की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों, चिकित्सकों, उद्यमियों और प्रतिभागियों ने इसे उद्योग जगत एवं समाज के स्वास्थ्य कल्याण की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल बताया।
