340 निशानेबाजों ने दिखाया दम, प्रथम DWPS शूटिंग चैंपियनशिप 2026 का भव्य समापन
ग्रेटर नोएडा। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल (DWPS), केपी-III में फोकस फायर शूटिंग अकादमी के सहयोग से आयोजित प्रथम DWPS शूटिंग चैंपियनशिप 2026 का सफल समापन 28 मई को हुआ। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 28 मई तक किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों की विभिन्न शूटिंग अकादमियों से करीब 340 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में 10 मीटर राइफल, 10 मीटर पिस्टल और लिटिल चैंपियनशिप श्रेणियों के मुकाबले आयोजित किए गए। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता की सबसे बड़ी उपलब्धि राणा शूटिंग अकादमी के नाम रही। अकादमी के 80 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी, 5100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि तथा गिफ्ट हैम्पर अपने नाम किए। इस सफलता का श्रेय कोच संदीप राणा और सागर तोमर के मार्गदर्शन को दिया गया।
ISSF राइफल वर्ग में हॉकआई गाजियाबाद शूटिंग अकादमी के अभिजोत ने प्रथम, अक्षत ने द्वितीय और निखिल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ISSF पिस्टल वर्ग में संस्कृति बाना ने पहला स्थान हासिल किया। NR राइफल वर्ग में सौम्या त्यागी विजेता रहीं, जबकि NR पिस्टल वर्ग में विधुर तोमर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक, प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या मौजूद रही। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं। यह आयोजन क्षेत्र में शूटिंग खेल को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
