आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में स्टार्ट-अप कार्यशाला का सफल आयोजन, युवाओं को कानूनी और नैतिक समझ का मिला व्यावहारिक ज्ञान
ग्रेटर नोएडा – आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज के इंस्टिट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल (IIC-ITSEC) द्वारा “स्टार्ट-अप की योजना और कानूनी एवं नैतिक पहलुओं” पर आयोजित कार्यशाला में युवाओं को स्टार्ट-अप की बारीकियों की व्यावहारिक जानकारी दी गई। इस ज्ञानवर्धक सत्र की मुख्य वक्ता थीं सात्यकी लीगल प्राइवेट लिमिटेड की संस्थापक और सीईओ आरुषि गुप्ता।
कार्यक्रम की शुरुआत IIC-ITSEC के अध्यक्ष एवं कॉलेज निदेशक डॉ. मयंक गर्ग के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि आज के दौर में स्टार्ट-अप केवल बिजनेस आइडिया भर नहीं रह गए हैं, बल्कि उनकी कानूनी और नैतिक मजबूती ही दीर्घकालिक सफलता की कुंजी बन गई है।
आरुषि गुप्ता ने अपने व्यावसायिक अनुभव साझा करते हुए स्टार्ट-अप योजना के विभिन्न चरणों, कानूनी औपचारिकताओं, नियामक दायित्वों और कॉर्पोरेट नैतिकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्रतिभागियों को सलाह दी कि वे अपने स्टार्ट-अप की नींव ईमानदारी, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व पर रखें, ताकि वे एक मजबूत और टिकाऊ उद्यम स्थापित कर सकें।
कार्यशाला में छात्रों, शिक्षकों और नवोदित उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने कहा कि उन्हें केस स्टडी और वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से स्टार्ट-अप की व्यावहारिक चुनौतियों को समझने का मौका मिला, जो उनके लिए बेहद उपयोगी रहा।
कार्यक्रम के समापन पर IIC-ITSEC के संयोजक डॉ. राजीव रंजन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि संस्थान नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने आरुषि गुप्ता के योगदान के लिए विशेष आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
यह कार्यशाला आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज के उस सतत प्रयास का हिस्सा रही, जिसके माध्यम से वह छात्रों और नवप्रवर्तनकर्ताओं को न केवल व्यावसायिक रूप से सक्षम, बल्कि कानूनी और नैतिक रूप से भी सशक्त बनाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करता है।
