जनगणना ड्यूटी में लापरवाही पर होगी एफआईआर : चार्ज अधिकारी
20 जून तक जनगणना कार्य पूरा करने के निर्देश, आरडब्ल्यूए व एओए से सहयोग की अपील
ग्रेटर नोएडा, 26 मई। जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। ग्रेटर नोएडा के चार्ज अधिकारी एवं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह ने चेतावनी दी है कि जिन कर्मचारियों एवं प्रागणकों (एन्यूमरेटर्स) की जनगणना ड्यूटी लगाई गई है, वे बुधवार शाम तक अपनी ड्यूटी रिसीव कर लें, अन्यथा उनके खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
चार्ज अधिकारी ने शिक्षण संस्थानों के प्रबंधन से भी जनगणना कार्य में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य में लगे सभी कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है और उन्हें 20 जून तक कार्य पूर्ण करना है। इसके बावजूद कई कर्मचारी अब तक कार्य शुरू नहीं कर पाए हैं। ऐसे कर्मचारियों को बुधवार शाम तक का अंतिम अवसर दिया गया है।
चार्ज अधिकारी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अपने क्षेत्र के प्रागणक से संपर्क करने में परेशानी हो रही है, तो वह अपने क्षेत्र के वर्क सर्किल प्रभारी, प्रबंधक, सहायक प्रबंधक अथवा सुपरवाइजर से संपर्क कर सकता है।
वहीं, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ एवं जनगणना के नोडल अधिकारी सुमित यादव ने आरडब्ल्यूए और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन से अपील करते हुए कहा कि जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को सेक्टरों और सोसाइटियों में प्रवेश करने में कोई परेशानी न हो। पहचान पत्र एवं ड्यूटी पत्र की जांच के बाद उन्हें सहयोग प्रदान किया जाए।
उन्होंने अत्यधिक गर्मी को देखते हुए नागरिकों से अपील की कि आवश्यकता पड़ने पर कर्मचारियों को नींबू पानी एवं जलपान उपलब्ध कराया जाए। नोडल अधिकारी ने कहा कि जनगणना का कार्य देशहित और जनहित से जुड़ा हुआ है तथा इसे सफल बनाने में जनसहभागिता बेहद आवश्यक है।
