20 करोड़ से सिरसा–खेरली रोड बनेगी चौड़ी, एयरपोर्ट तक पहुंच होगी आसान
ग्रेटर नोएडा, 6 अप्रैल 2026। जेवर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिरसा से खेरली नहर तक लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण और मार्ग चौड़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर महिला कार्यकर्ताओं द्वारा फीता काटकर किया गया।
लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग की जा रही थी। सड़क के संकरे और जर्जर होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब सड़क चौड़ी होने से यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सकेगी।
यह मार्ग सैकड़ों गांवों को ग्रेटर नोएडा और नोएडा से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसके विकसित होने से ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के जिलों के लोगों को भी आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला साबित होगी। उन्होंने बताया कि यह मार्ग सीधे नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा, जिससे निवेश, उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने का भरोसा भी दिलाया।
इसके साथ ही विधायक धीरेन्द्र सिंह ने 1 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से ग्राम खेरली कासना मार्ग से पंचायतन चीरसी लिंक रोड तक सड़क निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में स्थानीय कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने इस विकास कार्य को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल बताया।
