ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा: 15वीं मंजिल से गिरकर 4 साल के मासूम की मौत
ग्रेटर नोएडा के ओमिक्रॉन-1A स्थित लोहिया एनक्लेव सोसायटी में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 4 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना से सोसायटी में शोक और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अंश पुत्र अरुण (उम्र 4 वर्ष), निवासी ग्राम सातवर, जिला बलिया, अपने माता-पिता के साथ लोहिया एनक्लेव सोसायटी के टावर-डी में आया था। बताया जा रहा है कि बच्चे के माता-पिता फ्लैट में काम करने गए थे। इसी दौरान खेलते-खेलते मासूम 15वीं मंजिल से नीचे गिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस खिड़की के पास बच्चा पहुंचा वहां शीशा नहीं लगा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। बच्चे को तुरंत संभालने की कोशिश की गई, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कासना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
इस दर्दनाक घटना के बाद सोसायटी में सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। खासकर ऊंची इमारतों में खुले या असुरक्षित खिड़कियों और बालकनियों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
