शारदा यूनिवर्सिटी के 6 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय सम्मान, बैंक ऑफ बड़ौदा ने दिए स्पोर्ट्स अचीवर्स अवार्ड
ग्रेटर नोएडा। शारदा यूनिवर्सिटी के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने एक बार फिर खेल जगत में विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। यूनिवर्सिटी के डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर (DSW) के अंतर्गत संचालित स्पोर्ट्स सोसाइटी के 6 खिलाड़ियों को बैंक ऑफ बड़ौदा स्पोर्ट्स अचीवर्स अवार्ड से सम्मानित किया गया। सभी खिलाड़ियों को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए ₹31,000-₹31,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
सम्मानित खिलाड़ियों में क्रिकेट के प्रियांशु कुमार, शूटिंग की श्रेय अग्रवाल, क्वान की डो की प्रिया कोरंगा, बैडमिंटन के अर्पित कुमार, वुडबॉल के उज्ज्वल डागर तथा एमबीबीएस छात्रा एवं वॉलीबॉल खिलाड़ी खुशी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है।
विश्वविद्यालय के चांसलर श्री पी.के. गुप्ता ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का अहम हिस्सा है। ऐसे सम्मान युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अनुशासन, कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर संस्थान का नाम ऊंचा किया है।
स्पोर्ट्स सोसाइटी एवं DSW द्वारा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और विभिन्न खेल गतिविधियों में भागीदारी के लिए लगातार विशेष अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। विश्वविद्यालय खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है ताकि विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
छात्रों की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं सहपाठियों में खुशी का माहौल देखने को मिला। सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में सफलता की कामना की गई।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर, डॉ. सुमन लता धर, डॉ. शांति नारायणन, डॉ. रचना बंसल, मुख्य वित्त अधिकारी श्री अजय अग्रवाल, स्पोर्ट्स ऑफिसर रिशांक एवं प्रियंका सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
