जीबीयू के बायोटेक छात्रों ने समझी आयुर्वेदिक उत्पाद निर्माण की आधुनिक तकनीक
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी के छात्रों ने नोएडा विशेष आर्थिक क्षेत्र (एनएसईजेड) स्थित महर्षि आयुर्वेद प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड का एक दिवसीय औद्योगिक दौरा किया। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को आयुर्वेदिक उत्पाद निर्माण की वैज्ञानिक प्रक्रिया और औद्योगिक मानकों की व्यावहारिक जानकारी देना था।
दौरे के दौरान छात्रों ने आयुर्वेद और आधुनिक बायोटेक्नोलॉजी के समन्वय को करीब से समझा। उन्हें बताया गया कि किस प्रकार कच्ची जड़ी-बूटियों और अन्य सामग्रियों का चयन कर वैज्ञानिक विधियों से उनका प्रसंस्करण कर अंतिम उत्पाद तैयार किया जाता है।
छात्रों को गुणवत्ता नियंत्रण, कच्चे माल की शुद्धता की जांच, मानकीकरण, जड़ी-बूटियों के निष्कर्षण और मिश्रण की आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ पैकेजिंग एवं सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि उत्पादों की गुणवत्ता और प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन किया जाता है।
यह भ्रमण विश्वविद्यालय के कॉर्पोरेट रिलेशन सेल के निदेशक डॉ. विनय लिटोरिया और स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी के डॉ. कुशाग्र कृष्णन के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। डॉ. विनय लिटोरिया ने कहा कि ऐसे औद्योगिक दौरे छात्रों के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें उद्योग की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप तैयार करते हैं।
महर्षि आयुर्वेद के विशेषज्ञों ने छात्रों को ‘गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिसेज’ (GMP) और आयुर्वेदिक दवाओं के वैश्विक निर्यात से जुड़ी नियामक प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी। छात्रों ने इस दौरे को अत्यंत ज्ञानवर्धक बताया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सफल शैक्षणिक भ्रमण के लिए महर्षि आयुर्वेद प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
