ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सड़क के बीच खड़े बिजली के पोल बने खतरा, कार्रवाई की मांग तेज
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर टेकज़ोन-04 और सेक्टर-02 के बीच स्थित 60 मीटर चौड़ी सड़क पर खड़े विद्युत पोल अब लोगों की जान के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। गौतम बुद्ध नगर विकास समिति ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए संबंधित विभागों से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
समिति के अनुसार, गैलेक्सी वेगा अपार्टमेंट रोड से हनुमान मंदिर रोटरी तक फैले इस व्यस्त मार्ग पर पांच बिजली के पोल अभी तक हटाए नहीं गए हैं, जबकि सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्य जारी है। ऐसे में यह पोल सीधे ट्रैफिक के बीच खड़े हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रोड पर रोजाना हजारों वाहन, छात्र और राहगीर गुजरते हैं। निर्माण कार्य के दौरान बीच सड़क में मौजूद पोल किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
समिति ने चेतावनी दी है कि बरसात, तेज हवा या तकनीकी खराबी की स्थिति में पोल गिरने, तार टूटने या करंट फैलने जैसी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं।
इस मामले में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (NPCL) को पत्र भी भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
गौतम बुद्ध नगर विकास समिति ने NPCL से मांग की है कि जनहित और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इन पांचों विद्युत पोलों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले ही समस्या का समाधान हो सके।
