विदेशी CEO की बाधा खत्म, अब जल्द भरेंगी उड़ानें: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड को मिली नई भारतीय CEO
नोएडा, 24 अप्रैल 2026: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIAL) में लंबे समय से चल रही संचालन संबंधी अड़चन अब दूर हो गई है। सुरक्षा मानकों के तहत विदेशी नागरिक के CEO होने की वजह से जो प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी, उसे खत्म करते हुए अब कंपनी ने भारतीय अधिकारी की नियुक्ति कर दी है। इसके बाद एयरपोर्ट से जल्द ही उड़ानें शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने नितु समरा को तत्काल प्रभाव से अंतरिम चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) नियुक्त किया है। यह निर्णय ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) के उस निर्देश के बाद लिया गया है, जिसमें कहा गया है कि भारत में किसी भी एयरपोर्ट का CEO भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है।
नितु समरा अक्टूबर 2021 से कंपनी में चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) के रूप में कार्यरत थीं और एयरपोर्ट के विकास, वित्तीय प्रबंधन तथा रणनीतिक योजनाओं में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अब उन्हें अंतरिम CEO की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जब तक कि निदेशक मंडल स्थायी नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी नहीं कर लेता।
वहीं, अब तक CEO रहे क्रिस्टोफ श्नेलमैन को नई जिम्मेदारी देते हुए एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन बनाया गया है। वे बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल होकर एयरपोर्ट परियोजना के संचालन और ट्रांजिशन में सहयोग करते रहेंगे।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन डेनियल बिर्चर ने कहा कि मार्च 2026 में उद्घाटन के बाद लक्ष्य था कि एयरपोर्ट का संचालन जल्द से जल्द शुरू किया जाए। यह प्रबंधन परिवर्तन सुरक्षा नियमों के अनुरूप है और इससे एयरपोर्ट के संचालन की राह में आ रही बाधाएं समाप्त हो गई हैं।
अब जबकि सुरक्षा से जुड़ी प्रमुख अड़चन दूर हो चुकी है, एयरपोर्ट के संचालन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू हो जाएंगी, जिससे क्षेत्र के लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
