स्टंटबाजी पड़ी महंगी, स्कॉर्पियो की छत पर चढ़कर किया स्टंट, वीडियो वायरल होने पर स्टंटबाज युवक गिरफ्तार
नॉलेज पार्क-2 में गाना बजाकर कार पर नाचने और गाड़ी घुमाकर स्टंट करने का आरोप, पुलिस ने स्कॉर्पियो की जब्त
ग्रेटर नोएडा। सड़क पर स्कॉर्पियो से खतरनाक स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद नॉलेज पार्क पुलिस ने आरोपी अमन यादव (21) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी स्कॉर्पियो कार को भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जब्त कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, बहलोलपुर निवासी अमन यादव रविवार रात नॉलेज पार्क-2 में अपनी स्कॉर्पियो कार से स्टंट कर रहा था। आरोप है कि वह गाड़ी में तेज आवाज में गाना बजाकर उसकी छत पर चढ़कर नाच रहा था। इसके अलावा उसने कार को घुमाकर भी स्टंट किया। इस दौरान सड़क पर चल रहे अन्य लोगों को परेशानी हुई और हादसे का खतरा पैदा हो गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी की तलाश शुरू की। मंगलवार को नॉलेज पार्क पुलिस ने अमन यादव को सेक्टर-151 के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार भी जब्त कर ली है।
पुलिस का कहना है कि सड़क पर स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के खतरनाक करतब न केवल वाहन चालक, बल्कि दूसरे राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करते हैं।
