प्रज्ञान स्कूल की छात्रा मनप्रीत का HCL टेक-बी में चयन, IIM सिरमौर में पढ़ाई का मिलेगा मौका
जेवर। कस्बे के प्रज्ञान पब्लिक स्कूल की होनहार छात्रा मनप्रीत ने HCL टेक-बी प्रोग्राम में चयनित होकर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस चयन के तहत मनप्रीत को प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रतिष्ठित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) सिरमौर में पढ़ाई का अवसर मिलेगा। छात्रा की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
जेवर के मोहल्ला बनी इसराइल निवासी पत्रकार बृजेश तालान की पुत्री मनप्रीत ने प्रज्ञान स्कूल से 91.6 प्रतिशत अंकों के साथ बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ दीप्ति शर्मा ने बताया कि मनप्रीत की सफलता विद्यालय के लिए गौरव का विषय है और यह विद्यार्थियों के समर्पण व अध्यापकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ हरीश शर्मा ने मनप्रीत को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभाएं समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। उन्होंने कहा कि मनप्रीत की सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है और यह सिद्ध करती है कि कठिन परिश्रम और सही दिशा-निर्देश से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका सोनिया कोचर, शीतल रस्तोगी, उमेश चंद्र शर्मा, जितेंद्र कुमार गुप्ता सहित कई शिक्षक मौजूद रहे और छात्रा को शुभकामनाएं दीं।
