लीगल एजुकेशन में शारदा स्कूल ऑफ लॉ को मिली बड़ी पहचान, SEPC ने दिया लीगल एक्सीलेंस अवार्ड
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित शारदा विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ को कानूनी शिक्षा, शोध और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए लीगल एक्सीलेंस अवार्ड से नवाजा गया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार वाणिज्य मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्यरत सर्विसेज़ एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (SEPC) द्वारा प्रदान किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह दिल्ली में आयोजित किया गया, जहां सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के न्यायाधीश मनमोहन ने शारदा स्कूल ऑफ लॉ को यह सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम में देश भर के कानूनविद, शिक्षाविद और विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
इस उपलब्धि पर शारदा स्कूल ऑफ लॉ के डीन प्रोफेसर डॉ. ऋषिकेश दवे ने कहा, “यह पुरस्कार हमारी टीम के सामूहिक प्रयास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान और समाज सेवा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को मान्यता देता है। यह सम्मान हमें और बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करेगा। हम इसे अपने समर्पित शिक्षकों, छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन को समर्पित करते हैं।”
शारदा विश्वविद्यालय के पीआर डायरेक्टर डॉ. अजीत कुमार ने कहा, “यह सम्मान स्कूल ऑफ लॉ की सुदृढ़ पहचान और विधिक शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति का प्रतीक है। हमारा प्रयास है कि हम छात्रों को सरल भाषा और उन्नत तकनीकों के माध्यम से आधुनिक शिक्षा प्रदान करें।”
इस अवसर पर प्रोफेसर राहुल निकम, डॉ. वैशाली अरोड़ा और डॉ. मेधा तिवारी ने भी शारदा स्कूल ऑफ लॉ का प्रतिनिधित्व करते हुए कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।
यह पुरस्कार शारदा विश्वविद्यालय को कानूनी शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।
