“समर्पण-2025” : निःस्वार्थ सेवा और मानवीय मूल्यों का वार्षिक उत्सव, 11 मई को नोएडा में गूंजेगी सेवा, संगीत और संस्कार की अनमोल सरगम
नोएडा। समाजसेवा के प्रति समर्पण भाव, मानवीय संवेदनाओं की अभिव्यक्ति और सांस्कृतिक चेतना का संगम लिए “समर्पण-2025” — नवरत्न फाउंडेशन का 23वां वार्षिक उत्सव एवं सम्मान समारोह — आगामी 11 मई 2025 (रविवार) को सायं 5:30 बजे, नोएडा के सेक्टर-6 स्थित NEA भवन, B-110A में आयोजित किया जाएगा।
यह आयोजन उन गुमनाम सेवायोद्धाओं को समर्पित है, जो बिना किसी प्रचार या अपेक्षा के समाज के कल्याण में सतत लगे हुए हैं। इनमें शिक्षक, समाजसेवी, चिकित्सक, स्वच्छता प्रहरी और गाँवों की वे माताएं शामिल हैं, जिन्होंने अपने जीवन को दूसरों की सेवा में अर्पित कर दिया है।
नवरत्न फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘समर्पण’ सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि एक ऐसी अनुभूति है जो दूसरों की पीड़ा को अपना समझती है। यह आयोजन उन सभी को सम्मानित करने का प्रयास है, जिन्होंने अपने हिस्से की रोशनी समाज को दी है।
सांस्कृतिक संध्या में संगीत का विशेष आकर्षण भी रहेगा। ज़ी टीवी सारेगामापा लिटिल चैंप्स एवं राइजिंग स्टार फेम लोकप्रिय गायक दिवाकर शर्मा दिल्ली-एनसीआर के नवांकुर गायकों के साथ मिलकर सुरों की ऐसी सरगम छेड़ेंगे जो आत्मा को स्पर्श करेगी।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर भी किया जाएगा ताकि देश-विदेश के दर्शक इस प्रेरणादायक आयोजन से जुड़ सकें।
LIVE लिंक: https://www.youtube.com/live/vgkXR7pA-Ik
नवरत्न फाउंडेशन
