सीएम योगी का निर्देश: बेमौसम बारिश और आंधी से हुई जनहानि का मुआवजा 24 घंटे में देने का आदेश
लखनऊ, 1 मई: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेमौसम बारिश, आंधी, तूफान और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि का मुआवजा प्रभावितों को 24 घंटे के भीतर देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, सीएम योगी ने सभी प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को तात्कालिक रूप से मौके पर जाकर क्षतिगस्त फसलों का सर्वे करने और मुआवजा प्रदान करने के भी आदेश दिए हैं, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
सीएम योगी ने पीड़ित परिवारों के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर स्थिति में प्रभावितों की मदद के लिए तत्पर है। उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में अचानक मौसम में बदलाव आया और इसके साथ ही गोरखपुर, बस्ती सहित कई जिलों में तेज आंधी, तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से नुकसान हुआ। राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि 1 मई की सुबह 8 बजे के आस-पास पूर्वांचल में मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे गोरखपुर और बस्ती में आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोगों की जान चली गई। गोरखपुर में 13 वर्षीय सौरभ और 52 वर्षीय सुशील देवी, जबकि बस्ती में 60 वर्षीय राम चरण और 55 वर्षीय चंद्रावती की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मृत्यु हो गई।
सीएम योगी ने पीड़ित परिवारों को सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं और राहत आयुक्त ने जानकारी दी कि 24 घंटे के भीतर पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा, किसानों की क्षतिग्रस्त फसलों के सर्वे का काम भी शुरू कर दिया गया है और उन्हें भी 24 घंटे में मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
