गौतमबुद्ध नगर में आर्द्रभूमियों के संरक्षण को लेकर प्रशासन सक्रिय, डीएम ने दिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
ग्रेटर नोएडा, 1 मई 2025। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला आर्द्रभूमि समिति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले की चिन्हित आर्द्रभूमियों (Wetlands) की वर्तमान स्थिति, संरक्षण एवं विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रभागीय वन अधिकारी पी.के. श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि धनोरी वेटलैंड को ‘वेटलैंड’ अथवा ‘पक्षी विहार’ घोषित करने के लिए समिति द्वारा प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों के तहत 164 वेटलैंड्स की सीमाओं का निर्धारण किया जाना अनिवार्य है।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले की सभी आर्द्रभूमियों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि ये क्षेत्र न केवल पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए आवश्यक हैं, बल्कि स्थानीय जैव विविधता और प्रवासी पक्षियों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। डीएम ने जल स्तर, वनस्पति और पक्षियों की उपस्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को सख्ती से रोकने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित विभागों को भौतिक सत्यापन कराने और जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। स्थानीय समुदाय को आर्द्रभूमियों के महत्व के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत राज, मत्स्य, सिंचाई, कृषि रक्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया और संबंधित जानकारी साझा की।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ एक ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे जिले की प्राकृतिक धरोहरों को प्रभावी ढंग से संरक्षित किया जा सके।
बैठक में जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र यादव, जिला कृषि रक्षा अधिकारी कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
