बच्चों में आत्मविश्वास और आभार का संचार कर रही है ईएमसीटी: “Unlock the Genius in You” सत्र का आयोजन
बिसरख, 26 अप्रैल 2025:
ईथोमार्ट चैरिटेबल ट्रस्ट (ईएमसीटी) द्वारा आज प्राथमिक विद्यालय, छोटी मिलक, बिसरख में “Unlock the Genius in You” थीम पर आधारित एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र का उद्देश्य बच्चों में आभार (Gratitude) और सकारात्मक पुष्टि (Affirmations) के महत्व को जागरूक करना और उनके भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का संचालन कनिका खुराना ने किया, जो ईएमसीटी की सक्रिय सदस्य हैं और एक प्रतिष्ठित आईटी कंपनी में मानव संसाधन प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। बाल मनोविज्ञान की गहरी समझ रखने वाली कनिका खुराना ने अपने सरल और प्रभावी संवाद से बच्चों को गहराई से प्रेरित किया। उन्होंने कहा,
“जिसने आभार जताना सीख लिया, उसने जीवन की सबसे सुंदर कला सीख ली।”
सत्र के दौरान बच्चों ने उत्साह के साथ आभार व्यक्त करने और सकारात्मक पुष्टि के वाक्य दोहराने का अभ्यास किया, जैसे —
“मैं बुद्धिमान हूँ,” “मैं सक्षम हूँ,” “मैं हर दिन बेहतर बन रहा हूँ।”
ईएमसीटी की संस्थापक रश्मि पाण्डेय ने कहा कि,
“जब बच्चे आभार व्यक्त करना और स्वयं पर विश्वास करना सीखते हैं, तो वे जीवन की हर चुनौती को अवसर में बदलने में सक्षम हो जाते हैं।”
विद्यालय के प्रधानाचार्य इकरार खान ने ईएमसीटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सत्र बच्चों के मानसिक विकास में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम में अध्यापिका शालिनी चक्रवर्ती, अमित गिरी तथा अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
ईएमसीटी ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस तरह के प्रयासों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने का कार्य जारी रहेगा।
