नुक्कड़ नाटक के जरिए ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड से किया सतर्क: गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग के छात्रों ने चलाया जागरूकता अभियान
ग्रेटर नोएडा, 26 अप्रैल 2025:
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया अध्ययन विभाग के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा के घरबरा ग्राम में साइबर फ्रॉड के प्रति जन-जागरूकता अभियान चलाया। सामाजिक विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता एवं जनसंचार विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर बंदना पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे गांव में भ्रमण कर लोगों को मोबाइल के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए।
विद्यार्थियों ने परंपरागत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करते हुए साइबर अपराध के बढ़ते खतरों के प्रति सचेत किया। बीए पत्रकारिता एवं जनसंचार द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता दिखाई और प्रभावशाली अभिनय के जरिए लोगों के दिलों को छू लिया। इस नुक्कड़ नाटक का निर्देशन अनु चौहान ने किया। समूह में राहुल, मांडवी, मानसी, सुनिधि, आर्यन, करतार, तरुण, दीक्षा, गरिमा, विश्वजीत सहित कुल 19 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
मीडिया के व्यवहारिक प्रशिक्षण का हिस्सा
प्रोफेसर बंदना पांडेय ने बताया कि जनसंचार विभाग में छात्रों को सैद्धांतिक अध्ययन के साथ-साथ मीडिया के व्यावहारिक पक्ष का भी प्रशिक्षण दिया जाता है। इसी क्रम में विद्यार्थियों ने विकास पत्रकारिता के अंतर्गत घरबरा गांव में यह जन-जागरूकता अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि “आज के दौर में साइबर अपराधी ग्रामीण क्षेत्रों की भोली-भाली जनता को निशाना बना रहे हैं, इसलिए उन्हें जागरूक करना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है।”
फैकल्टी का सक्रिय सहयोग
इस अभियान का नेतृत्व विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विनीत कुमार, डॉ. आशुतोष वर्मा और डॉ. प्रतिमा ने किया। डॉ. विनीत कुमार ने गांव के स्थानीय स्कूल के बच्चों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए और कहा कि “जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। विद्यार्थियों को स्वयं सतर्क रहना है और अपने परिवार को भी सतर्क करना है।”
इस अभियान में विभाग के अधिकांश विद्यार्थी और सभी फैकल्टी सदस्य भी सक्रिय रूप से सहभागी बने।
