आईईसी कॉलेज में “इनोविजन–2025” का धमाकेदार आगाज़
- एनसीआर के 1000 से अधिक छात्रों ने दिखाई तकनीक, हुनर और रचनात्मकता की झलक
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित आईईसी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में शुक्रवार को दो दिवसीय वार्षिक टेकफेस्ट ‘इनोविजन–2025’ की रंगारंग शुरुआत हुई। उद्घाटन अवसर पर कॉलेज प्रांगण में तकनीक, खेल और संस्कृति के रंग एक साथ बिखरे नजर आए।
कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के एग्जीक्यूटिव निदेशक प्रोफेसर सुनील कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि टेकफेस्ट जैसे आयोजन छात्रों के चहुमुखी विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक कौशल, नेतृत्व क्षमता और समय प्रबंधन में दक्षता हासिल करने की प्रेरणा दी।
कॉलेज निदेशक प्रो. विनय गुप्ता ने छात्रों को विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम की मुख्य संयोजिका प्रो. राज कमल बत्रा और मीडिया प्रभारी प्रो. शरद माहेश्वरी ने जानकारी दी कि इस दो दिवसीय फेस्ट के दौरान 24 विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें क्रिकेट, रेस, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज, कोडोमेनिया, टेक क्विज, ई-गेम्स, अभिव्यक्ति, डांस फ्रीक, रंगोली, रोबो रेस और शार्क टैंक जैसे इवेंट शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इन स्पर्धाओं में एनसीआर के विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के 1000 से अधिक छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों को तकनीकी और रचनात्मक क्षमताएं निखारने का सुनहरा अवसर मिल रहा है।
इस मौके पर डीन एकेडमिक्स डॉ. बी. शरण, सीएफओ श्री अभिजीत कुमार समेत विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक मौजूद रहे।
