जालौन के यश प्रताप सिंह ने यूपी में मारी बाजी, हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 97.83 फीसदी अंकों के साथ टॉपर 54.38 लाख छात्रों का इंतजार खत्म, सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं, मेरिट होल्डर्स का होगा सम्मान
- हाई स्कूल में यश प्रताप सिंह, स्व० श्रीमती रसकेंद्री देवी इंटर कॉलेज, उमरी (जालौन) ने 97.83% अंकों के साथ
प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025 के नतीजे शुक्रवार को प्रयागराज मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से घोषित कर दिए। इसके साथ ही करीब 54.38 लाख छात्रों का इंतजार खत्म हो गया। रिजल्ट जारी होते ही आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in और upmspresult.in पर परिणाम चेक करने का लिंक सक्रिय कर दिया गया।
इस साल हाईस्कूल परीक्षा में जालौन जिले के यश प्रताप सिंह ने बाजी मारी है। उन्होंने 97.83 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, दूसरे स्थान पर दो छात्र रहे — अंशी और अभिषेक कुमार यादव, जिन्हें 97.67 फीसदी अंक प्राप्त हुए। तीसरी रैंक पर भी तीन नाम शामिल हैं — ऋतु गर्ग, अर्पित वर्मा और सिमरन गुप्ता, सभी को 97.50 फीसदी अंक प्राप्त हुए हैं।
इस बार हाईस्कूल में कुल 29.8 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। परीक्षाएं दो शिफ्टों में आयोजित की गईं — पहली शिफ्ट सुबह 8:30 से 11:45 और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 से शाम 5:15 बजे तक चली।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी मेधावी छात्रों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा, “मेहनत, अनुशासन और दृढ़ निश्चय से मिली यह सफलता अभिभावकों और शिक्षकों के लिए भी गर्व का विषय है। जो विद्यार्थी सफल नहीं हो पाए, उन्हें निराश नहीं होना चाहिए। यह आत्ममूल्यांकन का अवसर है। प्रयास दोहराएं, सफलता आपका इंतजार कर रही है।”
सरकार की ओर से प्रदेश और जनपद स्तर पर टॉप करने वाले छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार परीक्षा परिणाम की घोषणा समय पर की गई है। 2024 में हाईस्कूल टॉपर सीतापुर की प्राची निगम थीं, जिन्होंने 98.50% अंक प्राप्त किए थे।