लुक्सर 6% किसान आबादी समस्याओं से जूझ रही, करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
ग्रेटर नोएडा, 24 अप्रैल।
ग्रेटर नोएडा के कासना क्षेत्र के समीप स्थित लुक्सर गांव की 6% किसान आबादी बुनियादी सुविधाओं के अभाव और प्राधिकरण की अनदेखी का शिकार हो रही है। जलभराव, टूटी नालियां, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें और नियमित सफाई की कमी ने क्षेत्रवासियों का जीवन दूभर कर दिया है। इन समस्याओं को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बलराज हूंण के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम राम नैन को ज्ञापन सौंपा।
संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने बताया कि लुक्सर की 6% किसान आबादी वाले हिस्से में स्थिति अत्यंत खराब है। ई-ब्लॉक की कई पुलियाएं जर्जर हो चुकी हैं और जल निकासी की व्यवस्था ठप है। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर भर रहा है, जिससे दुर्गंध और संक्रमण का खतरा बना हुआ है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
चौधरी प्रवीण ने बताया कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से सफाई नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते जगह-जगह कूड़े के ढेर लग चुके हैं। वहीं, क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें भी लंबे समय से बंद हैं, जिससे शाम होते ही गलियों में अंधेरा छा जाता है और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ जाती है।
एसडीएम राम नैन ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद आश्वस्त किया कि समस्याओं का समाधान शीघ्र कराया जाएगा। उन्होंने तत्काल सफाई व्यवस्था को बहाल करने के निर्देश भी दिए, जिसके बाद सफाई कार्य शुरू कर दिया गया।
इस अवसर पर बलराज हूंण, कुलवीर भाटी, दुलीचंद नागर, अनिल तंवर, गौरव भाटी, नीरज भाटी, राहुल नागर, बबली भाटी, विकास नागर, सुरेन्द्र भाटी समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।
