पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश घायल, अवैध तमंचा व चोरी की बाइक बरामद
- गैंग डी-181 का सक्रिय सदस्य सुकेश गिरफ्तार, STF की पिस्टल लूट में भी रहा है शामिल
ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच शुक्रवार को एटीएस गोल चक्कर के पास मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। घायल बदमाश की पहचान सुकेश पुत्र प्रकाश निवासी ग्राम हिनरोटी, थाना ककोड़, बुलंदशहर के रूप में हुई है।
थाना बीटा-2 पुलिस टीम एटीएस गोलचक्कर के पास चेकिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने पर खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घायल कर दबोच लिया।
पुलिस ने मौके से .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल (UP14 AQ 9337) बरामद की है।
गैंग लीडर जेल में, फिर भी गैंग कर रहा था सक्रियता से वारदातें
जांच में सामने आया कि सुकेश गैंग डी-181 का सक्रिय सदस्य है, जिसका लीडर निखिल फिलहाल जेल में है। वर्ष 2022 में इस गैंग ने एसटीएफ कर्मचारी से मारुति ईको कार (UP16 AH 6617) में रखी पिस्टल और वाई-फाई डिवाइस लूट ली थी। सुकेश अपने साथियों के साथ मिलकर जनता को धमकाकर और अवैध हथियारों के बल पर लूट-डकैती की घटनाएं करता था।
गैंगस्टर एक्ट में वांछित, कई मुकदमों में नामजद
थाना बीटा-2 में सुकेश के खिलाफ दर्ज प्रमुख मुकदमे इस प्रकार हैं—
1. मु0अ0सं0 574/2024 — धारा 2(ख)(1)/3 गैंगस्टर अधिनियम
2. मु0अ0सं0 347/2022 — धारा 395, 412, 120बी भादवि
3. मु0अ0सं0 80/2023 — धारा 414 भादवि व 3/25 आर्म्स एक्ट
4. मु0अ0सं0 164/2025 — धारा 109/317(5) BNS व 3/25/27 आर्म्स एक्ट
पुलिस बदमाश के अन्य आपराधिक इतिहास व उसके सहयोगियों की जानकारी जुटाने में लगी है। घायल अभियुक्त का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
