भारतीय शिल्पकारों की प्रतिभा को दुनिया ने सराहा, हमें आगे बढ़ने की जरूरत” — गिरिराज सिंह ने हस्तशिल्प मेला 2025 का किया उद्घाटन
ग्रेटर नोएडा, 16 अप्रैल 2025। हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) द्वारा आयोजित 59वें आईएचजीएफ दिल्ली मेला- स्प्रिंग 2025 का आज भव्य उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने किया। यह मेला 16 से 19 अप्रैल तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जा रहा है। उद्घाटन के पश्चात मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रदर्शनी हॉल का दौरा किया और प्रतिभागियों से संवाद किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान श्री सिंह ने कहा, “यह मेला न केवल भारत की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा को विश्व के समक्ष प्रस्तुत करता है, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को एक प्रमुख सोर्सिंग गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।” उन्होंने ईपीसीएच की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया भारतीय हस्तनिर्मित उत्पादों को सम्मान और प्राथमिकता दे रही है।
मेला बना अंतरराष्ट्रीय व्यापार का केंद्र
3,000 से अधिक प्रदर्शकों की भागीदारी और 900 स्थायी मार्ट शोरूम के साथ यह मेला होम डेकोर, फर्नीचर, फैशन, फर्निशिंग और लाइफस्टाइल से जुड़े उत्पादों की शानदार प्रदर्शनी पेश कर रहा है। पहले ही दिन भारत और विदेशों से बड़ी संख्या में खरीदार पहुंचे, जिससे मेले की सफलता के संकेत स्पष्ट दिखे।
सरकार दे रही है निर्यातकों को हरसंभव समर्थन
मंत्री गिरिराज सिंह ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि भले ही हाल के दिनों में अमेरिकी टैरिफ ने भारतीय निर्यातकों के सामने चुनौतियाँ खड़ी की हों, परंतु भारत सरकार द्विपक्षीय वार्ताओं और नीतिगत उपायों के माध्यम से निर्यातकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
हस्तशिल्प गुरुओं की जीवंत प्रस्तुतियाँ बनी आकर्षण का केंद्र
मेले की एक विशेष झलक रही राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिल्पगुरुओं का लाइव प्रदर्शन, जिसमें मधुबनी पेंटिंग, पश्मीना कढ़ाई, सिक्की घास शिल्प, लाह की चूड़ियाँ और धातु कला जैसे दुर्लभ और पारंपरिक शिल्प रूपों को प्रस्तुत किया गया। इन शिल्पों को देखने आए आगंतुकों ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को नजदीक से अनुभव किया।
ईपीसीएच नेतृत्व का विश्वास
ईपीसीएच के अध्यक्ष दिलीप बैद ने विश्वास जताया कि यह मेला भारतीय उत्पादों की वैश्विक मांग को और भी बढ़ावा देगा। उपाध्यक्ष डॉ. नीरज खन्ना ने कहा कि प्रदर्शकों ने अपने उत्पादों में नवाचार और वैश्विक डिज़ाइन ट्रेंड्स को आत्मसात किया है, जिससे यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए एक आकर्षक मंच बना है।
आईईएमएल के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि मार्ट में मौजूद स्थायी शोरूम न केवल मेले के दौरान बल्कि पूरे वर्ष निर्यातकों को खरीदारों से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। ईपीसीएच उपाध्यक्ष सागर मेहता ने कहा कि अगले दो दिनों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा और निर्यात ऑपरेशंस पर सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।
