ग्रेटर नोएडा में होगा नि:शुल्क विशाल योग शिविर, स्वामी कर्मवीर महाराज के सान्निध्य में योगाभ्यास व चिकित्सा परामर्श
ग्रेटर नोएडा।
स्वस्थ जीवनशैली और प्राचीन भारतीय योग परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से महर्षि पतंजलि इंटरनेशनल योग विद्यापीठ द्वारा नि:शुल्क विशाल योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर योगऋषि स्वामी कर्मवीर महाराज के सान्निध्य में मंगलवार, 27 मई से रविवार, 1 जून 2025 तक आयोजित होगा।
प्रातः 5 बजे से 7 बजे तक चलने वाला यह योग शिविर मॉडर्न स्कूल, डेल्टा-1, ग्रेटर नोएडा में होगा, जो डेल्टा-1 मेट्रो स्टेशन के निकट स्थित है। आयोजन समिति ने ग्रेटर नोएडा और आसपास के सभी नागरिकों से इस स्वास्थ्यवर्धक आयोजन में भाग लेने का आग्रह किया है।
शाम को मिलेगा निःशुल्क चिकित्सा परामर्श
इस योग शिविर के साथ-साथ नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श एवं रोगियों को देखने की व्यवस्था भी की गई है। यह सेवा प्रत्येक दिन सांय 4 बजे से 7 बजे तक आर्य दीप पब्लिक स्कूल, गामा-2, ग्रेटर नोएडा में उपलब्ध रहेगी। चिकित्सा सेवा में विशेषज्ञों द्वारा परामर्श दिया जाएगा।
कई संस्थाएं बनीं आयोजन की भागीदार
इस विशेष आयोजन को सफल बनाने के लिए आर्य प्रतिनिधि सभा गौतमबुद्धनगर, आर्य समाज ग्रेटर नोएडा, आर्य समाज मंदिर सूरजपुर, आर्य वीरदल गौतमबुद्धनगर, उत्तर प्रदेश गुरुकुल सिकंदराबाद (खेरली, दनकौर), चिम्मन आर्य आर्ष वेद गुरुकुल मुरसदपुर सहित कई संस्थाएं और क्षेत्रवासी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
योग के साथ जीवनशैली का भी होगा मार्गदर्शन
शिविर में केवल योगासन ही नहीं, बल्कि जीवनशैली सुधार, आहार-विहार, मानसिक शांति एवं शरीर को निरोगी रखने के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
आयोजक समिति ने आमजन से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ लें और अपने तन, मन व आत्मा को सशक्त बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएं।
