नोएडा में गांजा तस्करी करने वाला गिरफ्तार, 10 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद
थाना फेस-1 पुलिस और नारकोटिक्स टीम की संयुक्त कार्रवाई, आरोपी झुग्गी और फैक्ट्री इलाकों में करता था सप्लाई
नोएडा। थाना फेस-1 पुलिस और नारकोटिक्स टीम गौतमबुद्धनगर ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी रोहित पुत्र सीताराम के कब्जे से 10 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
सेक्टर-10 पार्क से हुई गिरफ्तारी
गोपनीय सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के तहत पुलिस टीम ने रोहित को सेक्टर-10 स्थित पार्क से दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
फुटकर में बेचता था गांजा, पूछताछ में किए चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा बाहर से लाकर नोएडा की झुग्गी-झोपड़ियों और फैक्ट्री इलाकों में फुटकर में पुड़िया बनाकर बेचता था। इससे वह अच्छा खासा मुनाफा कमाता था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वह गांजा कहां से लेकर आता था और उसके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
आरोपी का विवरण
नाम: रोहित पुत्र सीताराम
निवासी: जे.जे. कॉलोनी, सेक्टर-10, गौतमबुद्धनगर
उम्र: 25 वर्ष
पंजीकृत मुकदमे और आपराधिक इतिहास
1. मु0अ0सं0 142/2025 – धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट, थाना फेस-1, गौतमबुद्धनगर
2. मु0अ0सं0 568/2023 – धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट व 323/332/353/504 भादवि, थाना फेस-1, गौतमबुद्धनगर
बरामदगी
10 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा (अनुमानित कीमत 1 लाख रुपये से अधिक)
थाना फेस-1 पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
