गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के वास्तुकला छात्रों ने किया अडानी सीमेंट फैक्ट्री का शैक्षिक दौरा
ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के आर्किटेक्चर एंड रीजनल प्लानिंग विभाग द्वारा दादरी स्थित अडानी सीमेंट निर्माण प्लांट का औद्योगिक दौरा आयोजित किया गया। इस शैक्षणिक यात्रा का उद्देश्य वास्तुकला एवं इंटीरियर डिजाइन के छात्रों को सीमेंट निर्माण की व्यावहारिक प्रक्रिया से अवगत कराना था।
दौरे का नेतृत्व विभागाध्यक्ष ए.आर. अनंत प्रताप सिंह, ए.आर. माधुरी अग्रवाल, ए.आर. राधिका चौहान और ए.आर. आलोक वर्मा ने किया। छात्रों को पीपीसी और ओपीसी सीमेंट निर्माण के विभिन्न तकनीकी चरणों की जानकारी दी गई। इस दौरान उद्योग विशेषज्ञ करुणेश वर्मा, प्रशांत शुक्ला और शैलेन्द्र द्वारा उत्पादन की बारीकियों और तकनीकी पहलुओं को विस्तार से समझाया गया।
छात्रों ने फैक्ट्री में निर्माण कार्य की वास्तविकता को देखा और सीमेंट के उपयोग को व्यावसायिक दृष्टिकोण से समझने का मौका पाया। विभाग की ओर से कहा गया कि इस प्रकार के औद्योगिक दौरों से छात्रों में नवाचार, रचनात्मकता और उद्योग से जुड़ाव की भावना को बल मिलता है।
यह दौरा भविष्य के आर्किटेक्ट्स, इंटीरियर डिजाइनर्स और योजनाकारों को निर्माण क्षेत्र की जमीनी हकीकत से जोड़ने का प्रभावी माध्यम साबित हुआ, जो देश के विकसित होते भौतिक ढांचे के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।
