लखनऊ: कैबिनेट बैठक में पीआरडी स्वयंसेवकों के ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी को मिली मंजूरी
अब प्रतिदिन 500 रुपये मिलेगा भत्ता, 34 हजार से अधिक पीआरडी जवानों को होगा सीधा लाभ
लखनऊ, 8 अप्रैल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को लोकभवन में आयोजित कैबिनेट बैठक में पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) स्वयंसेवकों के ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। अब प्रदेश के प्रत्येक पीआरडी स्वयंसेवक को 395 रुपये की बजाय प्रतिदिन 500 रुपये ड्यूटी भत्ता मिलेगा।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश में कार्यरत 34 हजार से अधिक पीआरडी जवानों को सीधा लाभ मिलेगा। इस वृद्धि से प्रत्येक जवान को 30 दिन की ड्यूटी पर प्रतिमाह 3150 रुपये अतिरिक्त प्राप्त होंगे। यह वृद्धि एक अप्रैल 2025 से प्रभावी मानी जाएगी।
वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने कैबिनेट बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में कुल 15 प्रस्तावों में से 13 को मंजूरी दी गई है, जिनमें पीआरडी ड्यूटी भत्ते में वृद्धि का प्रस्ताव भी शामिल है। उन्होंने बताया कि इस निर्णय से सरकार पर 75 करोड़ 87 लाख 50 हजार रुपये का अतिरिक्त व्यय भार आएगा।
कैबिनेट ने पंचायत लेखा परीक्षा सेवा नियमावली पुनर्गठन को दी हरी झंडी
बैठक में वित्त विभाग से जुड़ा एक और महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित हुआ। इसके तहत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सहकारी समितियां और पंचायत लेखा परीक्षा सेवा नियमावली 2025 के पुनर्गठन को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई।
मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि विभागीय पद संरचना के पिरामिड को संतुलित करते हुए नीचे के पदों की संख्या बढ़ाई गई है। अब 1307 कुल पदों में से 150 उच्चीकृत पदों को मिलाकर सहायक लेखा परीक्षाधिकारी के 405 पद और 464 निम्नीकृत पदों को मिलाकर लेखा परीक्षक के 900 पद बनाए गए हैं।
