विश्व स्वास्थ्य दिवस पर GNIOT MBA संस्थान ने किया मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम, ग्रामीण महिलाओं को दिया व्यायाम और पोषण का संदेश
ग्रेटर नोएडा, नॉलेज पार्क-2। GNIOT MBA संस्थान के हेल्थ केयर एवं बिजनेस एनालिटिक्स विभाग के विद्यार्थियों ने ‘विश्व स्वास्थ्य दिवस’ के अवसर पर खैरपुर गुर्जर गांव में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य’ रहा, जिसमें ग्रामीण महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान देखभाल, पोषण, व्यायाम और स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम के तहत एक शैक्षणिक सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें गर्भवती महिलाओं को एरोबिक व्यायाम कराए गए और उन्हें प्रसवपूर्व देखभाल, प्रसव के समय की सावधानियों, परिवार नियोजन, जीवन रक्षक देखभाल और संतुलित पोषण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। सत्र के अंत में महिलाओं को पोषण संबंधी सप्लीमेंट्स भी वितरित किए गए।
संस्थान के निदेशक डॉ. अंशुल शर्मा ने इस सफल आयोजन पर टीम को बधाई देते हुए कहा कि, “GNIOT समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है ताकि विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ मानवीय संवेदनाएं भी विकसित हो सकें।”
इस मौके पर शिवांगी वशिष्ठ, नीरज पंवार, डॉ. प्रियंका गोस्वामी सहित कई विद्यार्थी और स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं। ग्रामीणों ने संस्थान के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों की अपेक्षा जताई।
