अंतिम मूल्यांकन दरों पर सुनवाई 7 अप्रैल को: कलेक्ट्रेट सभागार में होगी जनसुनवाई, आपत्तिकर्ताओं को भेजा गया आमंत्रण
गौतमबुद्ध नगर, 4 अप्रैल 2025
उत्तर प्रदेश स्टाम्प (संपत्ति का मूल्यांकन) नियमावली के तहत जनपद गौतमबुद्ध नगर में प्रभावी मूल्यांकन दर सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस संबंध में प्राप्त आपत्तियों और सुझावों पर विचार-विमर्श हेतु 7 अप्रैल 2025 को जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
सहायक महानिरीक्षक निबंधन (प्रथम) बी.एस. वर्मा ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश स्टाम्प (संपत्ति का मूल्यांकन) नियमावली, 1997 के नियम-4 (संशोधित 2013 व 2015) के तहत यह पुनरीक्षण प्रस्तावित है, जिससे दरें वास्तविक बाज़ार मूल्यों के समतुल्य बनाई जा सकें। इस उद्देश्य से तैयार की गई प्रस्तावित मूल्यांकन दर सूची पर जनसामान्य से 26 मार्च से 5 अप्रैल 2025 तक आपत्तियाँ एवं सुझाव आमंत्रित किए गए थे।
अब प्राप्त आपत्तियों पर निर्णय लेने हेतु जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक आगामी 7 अप्रैल को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगी। इसमें आपत्तिकर्ताओं को व्यक्तिगत रूप से सुनवाई का अवसर प्रदान किया जाएगा।
प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से समय पर बैठक में उपस्थित होकर अपनी बात रखने का अनुरोध किया है।
