अधिकारियों से मुलाकात कर महिला शक्ति उत्थान मंडल ने गिनाई समस्याएं
ग्रेटर नोएडा: पानी की घटिया गुणवत्ता, बार-बार पाइपलाइन फटने से पानी की बर्बादी, सीवर ओवरफ्लो और हर्टिकल्चर से जुड़ी समस्याओं को लेकर महिला शक्ति उत्थान मंडल ने एसीईओ सुनील कुमार और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में महिलाओं ने पानी के बढ़ते बिलों पर सवाल उठाए और मांग की कि जब तक पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक बिलों में बढ़ोतरी न की जाए। उन्होंने बार-बार मेंटेनेंस कार्यों की विफलता पर नाराजगी जताई और प्राधिकरण से ठोस समाधान की मांग की।
इसके अलावा, सामाजिक संगठनों के लिए सेक्टर में निशुल्क कम्युनिटी सेंटर उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई, जिससे छोटे संगठनों को अपनी गतिविधियों के लिए स्थान मिल सके।
प्राधिकरण का आश्वासन:
एसीईओ सुनील कुमार ने जानकारी दी कि सीवर लाइन की समस्या अगले डेढ़ महीने में पूरी तरह हल कर दी जाएगी, जबकि घरों के सामने मौजूद ओवरफ्लो की दिक्कत एक सप्ताह में दूर करने का प्रयास किया जाएगा। पानी की गुणवत्ता सुधारने के लिए एक स्टडी कमेटी हायर की गई है, जो जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
इस मौके पर संगीता सक्सेना, विनीता सिंह, सुशीला गड़ोदिया, मनीषा शर्मा, एस. वासु, प्रभात राय, विनोद कटियार, सीमा पुंडीर, मंजू सिरोही, गीता मिश्रा, ज्योति सिंह, राजेश कश्यप, रूपा गुप्ता, विद्या सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
