15 दिन में किसानों को मिले शिक्षा और इलाज में छूट, वरना होगा बड़ा आंदोलन – चौधरी प्रवीण भारतीय
ग्रेटर नोएडा। करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने ग्रेटर नोएडा के किसानों को अस्पतालों और स्कूलों में दी जाने वाली छूट को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है। संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों में किसानों को लीज डीड के अनुसार सुविधाएं नहीं दी गईं, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्राधिकरण, स्कूलों और अस्पतालों पर वादा खिलाफी का आरोप
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर के विभिन्न अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को सस्ती दरों पर भूखंड आवंटित किए थे, जिसमें यह शर्त थी कि स्थानीय किसानों के बच्चों को शिक्षा में 25% छूट दी जाएगी और अस्पतालों में गरीब किसानों को मुफ्त इलाज और ओपीडी की सुविधा मिलेगी। लेकिन अस्पतालों और स्कूलों ने इस शर्त को दरकिनार कर दिया, जिससे स्थानीय किसानों में आक्रोश है।
ओएसडी नवीन कुमार के साथ हुई बैठक
इस मुद्दे को लेकर आज ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी नवीन कुमार और करप्शन फ्री इंडिया संगठन के जिला अध्यक्ष चौधरी प्रेम प्रधान के नेतृत्व में बोर्ड रूम में बैठक हुई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने स्कूलों और अस्पतालों द्वारा किसानों के साथ की जा रही वादा खिलाफी पर कड़ा विरोध जताया।
15 दिन का अल्टीमेटम, फिर आंदोलन
चौधरी प्रवीण भारतीय और बलराज हूंण ने बताया कि इस बैठक में ओएसडी नवीन कुमार ने आश्वासन दिया है कि सभी स्कूलों और अस्पतालों को नियमों के पालन के निर्देश दिए जा चुके हैं। यदि 15 दिनों के भीतर किसानों को तय छूट नहीं दी गई, तो संगठन बड़े आंदोलन की रणनीति बनाएगा।
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
इस दौरान चौधरी बलराज हूंण, चौधरी प्रेमराज भाटी, प्रेम प्रधान, कुलबीर भाटी, गौरव भाटी, यतेंद्र नागर, दुलीचंद नागर, पवन यादव, रणधीर सिंह नागर और विजय प्रताप सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।
