टीबी मुक्त पंचायतों को सम्मानित किया गया, मरीजों को पोषण पोटली वितरित
गौतम बुद्ध नगर, 29 मार्च – राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान के समापन पर आज कलेक्ट्रेट सभागार में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में जनपद की 13 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया और उनके प्रधानों को गांधी जी की प्रतिमा व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि छायसा, ऊंचा अमीरपुर, जैतवारपुर, नगला नैनसुख, बांजरपुर, राजपुर कलान, शाहपुर खुर्द, चचूड़ा, चुहरपुर बांगड़, दलेलपुर, लोदाना, मरहरा एवं नेवला गोपालगढ़ को टीबी मुक्त पंचायत घोषित किया गया है।
टीबी से घबराएं नहीं, इलाज संभव: डीएम
जिलाधिकारी ने कहा कि टीबी कोई लाइलाज बीमारी नहीं है। नियमित दवाई और पोषण से यह पूरी तरह ठीक हो सकती है। मरीजों को समय पर सही इलाज और पोषण मिलना जरूरी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में टीबी की सभी जांच और इलाज निःशुल्क उपलब्ध हैं।
टीबी मरीजों को मिली पोषण पोटली
कार्यक्रम में रहम फाउंडेशन गाजियाबाद, रेड क्रॉस सोसाइटी और डॉक्टर्स फॉर यू एनजीओ को ज्यादा मरीजों को गोद लेने और पोषण पोटली प्रदान करने के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही, 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी विद्यनाथ शुक्ल और अन्य अधिकारियों ने 10 क्षय रोग से ग्रसित मरीजों को पोषण पोटली वितरित की। इस दौरान डॉ. आरपी सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र यादव, डॉ. धीरज भार्गव, डॉ. संजय त्रिपाठी, डॉ. रजत सहित कई चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
