ग्रेटर नोएडा छात्रावास अग्निकांड: ABVP ने सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की उठाई मांग, घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा स्थित अन्नपूर्णा हॉस्टल में आग लगने की घटना को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने गहरी चिंता व्यक्त की है। एयर कंडीशनर के कंप्रेशर के फटने से लगी आग में कई छात्राओं को अपनी जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से कूदने की नौबत आई, जिससे छात्रावासों की अग्नि सुरक्षा की गंभीर स्थिति सामने आई है।
एबीवीपी ने इस घटना के बाद प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाया है और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। परिषद के कार्यकर्ता अस्पताल और हॉस्टल प्रशासन से लगातार संपर्क में हैं, ताकि घायलों को हर संभव मदद मिल सके।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मांग की है कि ग्रेटर नोएडा के सभी छात्रावासों की अग्नि सुरक्षा का गहन परीक्षण किया जाए और दोषी प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अभाविप के प्रान्त मंत्री गौरव गौड़ ने कहा, “छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। यह घटना प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है, जिसे हम अनदेखा नहीं करेंगे।”
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इस मामले को गंभीरता से उठाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सख्त कदम उठाएगा।
