8 साल की उपलब्धियों पर जश्न, लेकिन गौतमबुद्ध नगर में किसानों और आम जनता का शोषण – कांग्रेस
नोएडा, 25 मार्च। उत्तर प्रदेश सरकार अपने 8 साल पूरे होने का जश्न मना रही है, लेकिन कांग्रेस ने सरकार के इस कार्यकाल को आम जनता, किसानों और उद्योगपतियों के लिए निराशाजनक बताया है। गौतमबुद्ध नगर जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बीते 8 वर्षों में किसानों का शोषण अपने चरम पर रहा, आंदोलन करने वाले किसानों को जेलों में ठूंस दिया गया और बिल्डरों के खिलाफ आवाज उठाने वाले फ्लैट खरीदारों को बाउंसरों से पिटवाया गया।
किसानों और आम जनता के लिए 8 साल का दर्द
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है। गौतमबुद्ध नगर में किसानों के हक की लड़ाई लड़ने वालों को दमन का सामना करना पड़ा। सोसायटियों में रहने वाले लोगों को मालिकाना हक नहीं मिल पाया और प्रशासन की ओर से उनकी मांगों को लगातार अनदेखा किया गया।
उद्योगों का पलायन, 1 ट्रिलियन इकॉनमी पर सवाल
दीपक भाटी चोटीवाला ने प्रदेश की औद्योगिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि “सरकार 1 ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी का सपना दिखा रही है, लेकिन हकीकत यह है कि बीते 8 वर्षों में सैकड़ों उद्योग नोएडा और ग्रेटर नोएडा से पलायन कर गए।” उन्होंने होंडा कार कंपनी का उदाहरण देते हुए बताया कि यह प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी उत्तर प्रदेश से राजस्थान शिफ्ट हो गई, जो सरकार की औद्योगिक नीतियों की विफलता का प्रमाण है।
सरकार को करना चाहिए आत्मविश्लेषण
कांग्रेस ने प्रदेश सरकार से आत्मविश्लेषण करने की अपील की और सवाल उठाया कि क्या बीते 8 सालों में गरीब, किसान, छात्र, महिला और बेरोजगारों के लिए कुछ ठोस किया गया? “सरकार को सिर्फ प्रचार करने के बजाय जमीनी हकीकत को समझना चाहिए और जनता के मुद्दों को हल करने की दिशा में ईमानदार प्रयास करने चाहिए,” जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा।